विशेश्वरगंज में पंचायत उप चुनाव में विजेता रेखा देवी को प्रमाणपत्र देते अधिकारी। -संवाद
एसडीएम ने विजयी प्रत्याशियों को दिया जीत का प्रमाण पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच/विशेश्वरगंज/बाबागंज/हुजूरपुर/जरवलरोड। जिले के चार विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों की मृत्यु या पद छोड़ने से खाली हुए प्रधान के चार व बीडीसी के एक पद के लिए मंगलवार को उपचुनाव हुआ था। इसमें पांचों पदों के लिए 64.90 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतों की गणना बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे शुरु हुई। मतगणना में प्रधान के चार पदों पर रेखा, गुड्डू, नंद किशोर व संदीप ने जीत दर्ज की। वहीं बीडीसी में अरविंद ने जीत का परचम लहराया।
विशेश्वरगंज विकासखंड पर आरओ अनिल कुमार के निर्देशन व बीडीओ सर्वेश कुमार तिवारी की देखरेख में रनियापुर गोबरही के ग्राम प्रधान पद की मतगणना शुरु हुई। इसमें जिला पंचायत सदस्य बीनाराज मिश्रा समर्थित उम्मीदवार रेखा देवी ने कुल पड़े 1586 मतों में से 836 मत पाकर जीत दर्ज की। वहीं उपविजेता रहे पूर्व प्रधान प्रतिनिधि उत्तम तिवारी समर्थित कामेश्वर प्रसाद 700 मतों से संतोष करना पड़ा। 32 वोट अवैध घोषित किए गए। एसडीएम पयागपुर दिनेश कुमार, सीओ हीरालाल कनौजिया, तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार सचिन कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में विजेता प्रधान को प्रमाण पत्र दिया गया।
हुजूरपुर के ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर में प्रधान पद पर गुड्डू को 712 मत और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सुशीला देवी को 537 मत मिले। बाबागंज के ग्राम पंचायत रामपुर हुसैन बख्श में प्रधान पद की मतगणना में नंद किशोर वर्मा को 538 वोट और रामनिवास को 406 मत मिले। इस तरह नंद किशोर वर्मा ने 132 मतों से जीत दर्ज की। बाबागंज के ही मिर्जापुर चहलवा में संपन्न हुए बीडीसी के चुनाव में राम छबीले को 435 मत व अरविंद सिंह को 682 मिले और अरविंद ने 247 मतों से जीत दर्ज की।
जरवल के ग्राम पंचायत सूसी में हुए प्रधान के उपचुनाव में अखिलेश कुमार और संदीप के बीच सीधा मुकाबला रहा। इसमें संदीप को 535 और अखिलेश कुमार को 434 मत मिले। एसडीएम कैसरगंज पंकज दीक्षित, जरवल बीडीओ अमन वर्मा ने संदीप को जीत का प्रमाण पत्र दिया।