फखरपुर (बहराइच)। स्थानीय थाना के एक गांव में रविवार को शादी का टेंट सजने के साथ ही मेहमानों के लिए लजीज खाना और कुर्सियां सजी थीं। चारों ओर हंसी-खुशी का माहौल था। इसी दौरान बरात पहुंचने के बाद दू्ल्हे ने बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर निकाह करने से इंकार कर दिया। इससे वहां हड़कंप मच गया और मामला पुलिस के पास पहुंच गया।
वधू पक्ष के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बेटी की शादी थानाक्षेत्र के ही अन्य गांव में तय हुई है। रविवार को दरवाजे पर बरातियों का स्वागत सत्कार किया गया। दूल्हे ने निकाह से पहले बुलेट की मांग की। स्थिति खराब होने के चलते देने से मना कर दिया, तो वर ने निकाह से मना कर दिया। ग्राम प्रधान के अनुसार वधू पक्ष की हालत कमजोर है और ग्रामीणों के सहयोग से सारी व्यवस्थाएं कर शनिवार को दहेज का सामान इकट्ठा कर दूल्हे के घर भेज दिया गया था।
मामला थाने में पहुंचने पर वधू पक्ष ने दहेज में दिए जेवर, 25 हजार नकदी और टेंट व खाना आदि पर खर्च हुए रुपयों की मांग कर दहेज लोभियों से बेटी की शादी करने से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि परीक्षा ड्यूटी में थे, मामले की जानकारी मिली है, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।