जरवल (बहराइच)। यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से रविवार को जरवल ब्लॉक के जरवलरोड में सभी प्रधानाध्यापकों और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई, जिसमें केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले और समापन के आधे घंटे बाद तक सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग की जाए।
जरवल विकास खंड के जरवलरोड में स्थित ठाकुर भगौती सिंह इंटर कॉलेज परिसर में परीक्षा केंद्र प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें जरवल ब्लॉक के नोडल अधिकारी व ठाकुर भगौती सिंह किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहम्मद सलीम ने सभी को नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दिशा निर्देश दिया।
केंद्र व्यवस्थापकों को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले व परीक्षा समाप्त होने के बाद तक सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग बंद नहीं होनी चाहिए। साथ ही छात्राओं की चेेकिंग महिला शिक्षक ही करेंगी। परीक्षा केंद्र ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी का पास लेमीनेशन के साथ सामने दिखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी जिला विद्यालय निरीक्षक के अलावा उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की ओर से की जाएगी। ऐसे में यदि लापरवाही पायी गयी तो केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जय जवान इंटर कॉलेज, जरवल मदरसा, मिल्ली जरवल, फात्मा जरवल, बेदमती कुरसौंडा, एबी शुक्ला इंटर कॉलेज हरनी चौराहा, मोलवी आयजा स्कूल राजकीय विद्यालय नरौड़ा, नारायन सिंह चौहान ममता नगर नरौड़ा सहित सभी विद्यालयों के केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य मौजूद रहे।