बहराइच। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगातार लापरवाही बरतने पर विधानसभा क्षेत्र 284-मटेरा के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने तीन बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। आरोप है कि लगातार चेतावनी देने के बावजूद इन कर्मचारियों ने क्षेत्र में उपस्थिति नहीं दर्ज कराई और न ही डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा किया।
सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी द्वारा की गई समीक्षा में पाया गया कि तीन बीएलओ लगातार अपने कार्यों में उदासीन हैं। निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य में रुचि न लेने के कारण डिजिटाइजेशन का कार्य काफी पीछे रह गया है।
इस पर गंभीर संज्ञान लेते हुए मटेरा के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी ने मतदेय स्थल 210 पर बीएलओ के रूप में तैनात प्राथमिक विद्यालय करनिया के सहायक शिक्षक लेखा अरोड़ा, मतदेय स्थल 223 पर तैनात प्राथमिक विद्यालय रमवापुर रिसिया के शिक्षक अजय वर्मा और मतदेय स्थल 283, जूनियर विद्यालय रायपुर चित्तौरा पर तैनात शिक्षामित्र ओमकार नाथ के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संस्तुति भेजी है।