बहराइच के प्राथमिक विद्यालय सरवा में बच्चों को पढ़ातीं शिक्षिका।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। दो माह के लंबे इंतजार के बाद सोमवार से जिले के 3221 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में रौनक लौटेगी। स्कूलों में आने वाले बच्चों के इंतजार में स्कूल प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए स्कूल में बच्चों को प्रवेश देने के बाद पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। स्कूल खुलने की सूचना पर बच्चों व स्कूल के प्रबंधकों में काफी उत्साह है। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों ने भी पूरी तैयारियां कर ली हैं। सोमवार की सुबह से ही शहर की सड़कें बच्चों की स्कूली बसों से गुलजार दिखेंगी। विद्यालय खुलने पर आज लगभग सात लाख छात्र-छात्राएं अपने विद्यालयों की ओर चेेहरे पर मुस्कान लेकर रवाना होंगे।
जिले में 2803 उच्च व प्राथमिक विद्यालय व 403 प्राइवेट विद्यालय संचालित हो रहे हैं। सरकारी व प्राइवेट विद्यालयों में लगभग सात लाख बच्चों की संख्या है। दो माह बाद सोमवार से विद्यालय में बच्चों के लिए लटक रहे ताले खुल जाएंगे। 15 दिसंबर से बच्चों की ठंडक के कारण छुट्टी कर दी गई थी। उसके बाद से कोरोना काल शुरू हुआ तो बच्चों की छुट्टी में इजाफा होता रहा। कोरोना काल के कारण दो माह तक बच्चों के लिए स्कूल बंद रहा। धीरे-धीरे कोरोना का प्रकोप खत्म हुआ तो कोरोना के कारण बंद चीजों में छूट दी जाने लगी। छूट के तहत ही 14 दिसंबर यानी आज से जिले के सभी विद्यालय खुल जाएंगे। स्कूल खुलने को लेकर बच्चों में काफी उत्साह है। स्कूल प्रबंधक ने भी पूूरी तैयारियां कर ली हैं।
कस्तूरबा विद्यालयों का भी होगा संचालन
जिले में संचालित 15 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का संचालन भी आज से शुरू हो जाएगा। कोरोना संक्रमण व भीषण ठंड के कारण कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालयों का संचालन भी बीते लंबे समय से बंद था। आवासीय विद्यालयों के संचालन के लिए सभी विद्यालयों में तैनात वार्डेन व शिक्षकों ने तैयारी पूर्ण कर ली है।
बच्चों को नियमित भेजें
सभी विद्यालयों में कक्षाओं के संचालन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी शिक्षक व शिक्षिकाओं से नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। अभिभावकों से भी अपील की जा रही है कि अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें। जिससे उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके। -अजय कुमार, बीएसए, बहराइच