बहराइच। रिसिया थाना क्षेत्र की किशोरी दुष्कर्म का शिकार हुई थी। उसके गर्भवती होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को जिला अस्पताल में किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद किशोरी और उसके परिजनों ने नवजात को अपनाने से इन्कार कर दिया। इस पर बाल कल्याण समिति ने बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया है। उसे विशिष्ट दत्तक ग्रहण इकाई भेजने की तैयारी है।
किशोरी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद किशोरी को घर भेज दिया गया, जबकि नवजात को चिकित्सकों की निगरानी में एसएनसीयू में रखा गया है। मां और परिजनों की ओर से नवजात को अपनाने से इन्कार किए जाने पर सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव को इसकी जानकारी दी। उनके निर्देश पर समिति ने नवजात को संरक्षण में ले लिया। अध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव ने बताया कि नवजात की सभी जांचें पूरी होने और चिकित्सकों से परामर्श के बाद उसे विशिष्ट दत्तक ग्रहण इकाई भेजा जाएगा।