बहराइच। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को समाज के सम्मुख आदर्श रूप में प्रस्तुत करने को श्री मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी की ओर से श्री रामलीला महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व शहर के अति प्राचीन पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर व श्री देवी गुल्लाबीर मंदिर में पूजन-अर्चना कर नगर के पंचायती मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होकर झिंगहाघाट स्थित रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। सोमवार से रामलीला का मंचन शुरू हो गया है।
शहर के सिद्धनाथ मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा भी शामिल हुए। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों घंटाघर, चौक बाजार, पीपल तिराहा, मीराखेल पुरा, गुदड़ी, काजीपुरा बशीरगंज होते हुए मंचन स्थल पर जाकर समाप्त हुई। मुख्य मार्गों पर शोभायात्रा में भक्ति गीतों पर डांडिया नृत्य करते हुए युवक व युवतियां आकर्षण का केंद्र रहे।
बहराइच की सबसे पुरानी रामलीला महोत्सव का यह 114वां वर्ष है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री रामलीला कमेटी की ओर से झिंगहाघाट स्थित रामलीला मैदान में रामलीला मंचन के एक दिन पूर्व नगर के प्रमुख मार्गों पर शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें देवी व देवताओं के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों ने शहरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस वर्ष वृंदावन के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। छावनी चौराहा पंचायती मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान भव्य रथ पर प्रभु श्रीराम की अलौकिक छवि जनमानस का मन मोह रही थी। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल, प्रबंधक राधारमण यज्ञसैनी, उपाध्यक्ष कमल शेखर गुप्ता, संतोष अग्रवाल, श्रीनाथ शुक्ला, राकेश चंद्र श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र गुप्ता, सचिन श्रीवास्तव, राहुल राय, जयजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।