शिवपुर। ब्लॉक के बरदहा बाजार स्थित बाबा परमहंस धाम में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीराम कथा की शुरुआत हुई। इसके साथ ही पौष मेला भी शुरू हो गया। कलश यात्रा बरदहा बाजार से होते हुए इमामगंज, लौकिहा, शिवपुर, बौंडी होकर सरयू घाट तक पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा और पुनः कथा स्थल पर लौटकर कलश स्थापित किया। इस दौरान श्रद्धालु डीजे की धुन पर भी जमकर नाचे।
वृंदावन धाम से आए प्रवाचक संत रामचंद्र दास ने बताया कि 19 दिसंबर तक रोजाना दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक भगवान श्रीराम की लीलाओं का गुणगान किया जाएगा। कथा का समापन 19 दिसंबर को हवन और विशाल भंडारे के साथ होगा। यह कार्यक्रम गांव, नगर और क्षेत्रवासियों के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता, रविशंकर शुक्ला, शिखर शुक्ला, विनोद दीक्षित, सूरज गुप्ता सहित सैकड़ों राम श्रद्धालु मौजूद रहे।