बहराइच। तराई में बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे पर रविवार की सुबह खुशी की लहर दौड़ी। आसमान में बादल छाए। मगर हल्की बारिश के बाद पूरे दिन तपिश भरी धूप और चिपचिपाहट भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। किसान भी मायूस नजर आए। मौसम वैज्ञानिक दो दिन के अंदर फिर से बारिश होने की संभावना जता रहे हैं।
तराई में एक सप्ताह पूर्व हुई झमाझम मानसूनी बारिश के बाद किसानों को खेत तैयार करने के लिए पानी का इंतजार है लेकिन बारिश न होने के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं। रविवार की सुबह चार बजे के करीब अचानक तेज हवा चलनी शुरू हो गई।
वहीं बादल भी छा गए लेकिन लगभग आधे घंटे तक ही हल्की बारिश हुई। बादलों के उमड़ने-घुमड़ने का सिलसिला लगभग दो घंटे तक रुक-रुक कर चलता रहा। इसके बावजूद ढंग की बारिश नहीं हुई। इससे किसानों के चेहरे पर मायूसी दौड़ गई।
वहीं थोड़ी सी बारिश होने के कारण चिपचिपाहट और उमस भी बढ़ गई। दिन में तेज धूप होने के कारण लोगों को गर्मी व उमस से बेहाल होना पड़ा। जनपद में रविवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा।
मौैसम वैज्ञानिक डॉ. आरके श्रीवास्तव ने बताया कि अभी मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा। इस बार मानसून देर से आया है। दो दिनों के अंदर बारिश होने की संभावना दिखायी दे रही है।