बहराइच। शहर के मोहल्ला ब्राम्हणीपुरा की बिजली आपूर्ति 18 घंटे से ठप है। इससे मोहल्ले की करीब 25 हजार से अधिक की आबादी भीषण गर्मी में बिजली व पानी के लिए तरस रही है। ट्रांसफार्मर खराब होने से आपूर्ति ठप हुई है। आपूर्ति ठप होने से मोहल्लेवासियों की परेशानी बढ़ने लगी है।
मोहल्ला ब्राम्हणीपुरा की करीब 25 हजार से अधिक की आबादी को अस्पताल चौराहे व चौक घंटाघर उपकेेंद्र से विद्युत आपूर्ति की जाती है। शनिवार की देर रात करीब एक बजे मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति अचानक ठप हो गई। आपूर्ति करीब 18 घंटे से ठप है।
मोहल्लेवासी संबंधित उपकेंद्र के कर्मचारियों को फोन मिलाते रहे लेकिन किसी का माकूल जवाब नहीं मिल सका। आपूर्ति बाधित होने से इस भीषण गर्मी में मोहल्लेवासियों के सामने सबसे ज्यादा पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। मामले में घंटाघर उपकेंद्र के जेई से बात करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल रिसिव नहीं हुआ।
उपकेंद्र अस्पताल चौराहे के जेई अरविंद वर्मा से बात करने पर उन्होंने बताया कि देर रात मोहल्ला स्थित मिश्रा धर्मशाले पर स्थापित ट्रांसफार्मर बारिश के चलते खराब हो गया था। मौके पर दूसरा ट्रांसफार्मर मौजूद नहीं था। बताया कि तत्काल रिसिया उपकेंद्र से संपर्क कर ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई है।