बहराइच। शुक्रवार देर शाम से शुरू हुई बारिश शनिवार को जिले के लिए आफत बन गई। लगातार बारिश से शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। शहर के मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग में घुटनों तक पानी भर गया। मरीजों और तीमारदारों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। जिला अस्पताल के सामने भी जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। वहीं पयागपुर में कच्चा मकान व दीवार ढहने से एक किशोरी मलबे में दबकर गंभीर घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया।
पयागपुर थाना के रुकनापुर टेड़िया गांव निवासी बुधई की 17 वर्षीय पुत्री वंदना शनिवार को घर की कच्ची दीवार के पास खड़ी थी। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह मलबे में दब गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन मलबा हटाकर किशोरी को बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत में उसे सीएचसी पयागपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया। परिजनों के मुताबिक वंदना की कमर में गंभीर चोट आई है और फ्रैक्चर की आशंका है। वहीं कस्बे के वार्ड नंबर दो निवासी मोनू कश्यप का पुराना कच्चा मकान भी लगातार बारिश के दौरान ढह गया। मकान गिरने से पूरी गृहस्थी बर्बाद हो गई। पीड़ित परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान सुरक्षित रखने का संकट खड़ा हो गया है।
भारी बारिश का असर मेडिकल कॉलेज की जलनिकासी व्यवस्था पर भी पड़ा। पैथोलॉजी विभाग में घुटनों तक पानी भरने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी हुई। जांच के लिए आने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ा। जिला अस्पताल के सामने भी जलभराव की स्थिति रही। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अब तक जिले में 56 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। मौसम विशेषज्ञों ने अगले कुछ समय तक मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किल
बारिश के दौरान शहर के फ्रीगंज, नौवागढ़ी, बक्सीपुरा नई बस्ती, चांदमारी, सरस्वतीनगर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जलभराव के बीच बिजली कटौती होने से लोगों की मुश्किल और बढ़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी निचले इलाकों और रास्तों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा।
इन इलाकों में जलभराव से जूझे लोग
शहर के रोडवेज मार्ग, त्रिमुहानी, बड़ी हाट, सिविल लाइंस, घसियारीपुरा, दरगाह और सलारगंज में भी जलभराव से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूबी नजर आईं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी आवाजाही प्रभावित रही।
तहसील परिसर में पेड़ गिरा, वकीलों के टिनशेड क्षतिग्रस्त
कैसरगंज। पुरानी तहसील परिसर में शुक्रवार की देर रात एक पुराना पीपल का पेड़ धराशायी हो गया। इस हादसे में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए बनाए गए टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि पेड़ रात के समय गिरा, जिससे बड़ा हादसा बच गया। पेड़ के गिरने से आसपास रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ। घटना रात के समय होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बारिश से गिरा पेड़ व मेडिकल कॉलेज में हुआ जलभराव।
बारिश से गिरा पेड़ व मेडिकल कॉलेज में हुआ जलभराव।
बारिश से गिरा पेड़ व मेडिकल कॉलेज में हुआ जलभराव।