स्थान: रोडवेज बस अड्डा
समय: 1:15 बजे
दोपहर का समय ऐसा होता है। जब लोग अपने गंतव्य को जाने के लिए उतावले होते हैं। इस समय भीड़ भी बढ़ती है लेकिन बहराइच के परिवहन निगम के बस अड्डे पर दोपहर में यात्री तो आते-जाते दिखे लेकिन एक भी सुरक्षाकर्मी नजर नहीं आया। एक गेट से लखनऊ व दूसरे गेट से फैजाबाद और बलरामपुर को बसें रवाना होती हैं। लेकिन किसी भी गेट पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।
स्थान: रेलवे स्टेशन
समय: 2:00 बजे
फर्रुखाबाद, लखनऊ और आगरा में जो घटनाएं हुई हैं। उनमें रेलवे ही निशाना बना है। बहराइच रेलवे स्टेशन से ही नेपालगंजरोड के लिए ट्रेनें गुजरती हैं। नेपालगंजरोड से गोंडा के मध्य छह ट्रेनों का आवागमन होता है। लेकिन रविवार को संवेदनशीलता के बावजूद स्टेशन पर सुरक्षाकर्मी नजर नहीं आए। न तो जीआरपी के जवान दिखे न ही आरपीएफ के सुरक्षाकर्मी नजर आए। पार्सल घर के सामने भी सन्नाटा पसरा दिखा। ऐसे में कोई भी व्यक्ति आसानी से रेलवे स्टेशन पर आ जा सकता है।
स्थान: जिला अस्पताल
समय: 2:30 बजे
जिला अस्पताल में भी गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और नेपाल के मरीज और तीमारदार आते हैं। बड़े पैमाने पर भीड़ होती है। सार्वजनिक स्थल होने के बावजूद अस्पताल में भी सुरक्षाकर्मी नहीं दिखाई पड़े। रोगी और तीमारदार आ जा रहे थे।
फर्रुखाबाद, लखनऊ और आगरा की घटना आतंकी गतिविधियों की ओर इशारा कर रही हैं। जिसके चलते यूपी में अलर्ट जारी कर दिया गया है लेकिन संवेदनशील बहराइच में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नदारद है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी सुरक्षाकर्मी नहीं दिखे।
सन्नाटा पसरा नजर आया। यात्री व आम लोग ही आते-जाते दिखे।
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर टाइम बम की बरामदगी, लखनऊ में रेल पटरी का कटना और आगरा में शताब्दी एक्सप्रेस में बम की अफवाह ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। खुफिया एजेंसियों ने आतंकी गतिविधियों की सक्रियता की आशंका जतायी है। इस समय पंचायत चुनाव भी चल रहे हैं। हो सकता है यह चुनाव भी आतंकियों के निशाने पर हों। सरकार ने यूपी में अलर्ट जारी कर दिया है।
लेकिन बहराइच में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नदारद दिखी। नेपाल से सटा जिला होने के चलते बहराइच संवेदनशील जनपदों की श्रेणी में भी शामिल है। आईएसआई एजेंट मसरूर उर्फ रमेश चौधरी, अफजाल, दाऊद के खानसामा समेत कई आतंकी बहराइच में पकड़े गए थे। इसके बावजूद फर्रुखाबाद, लखनऊ और आगरा की घटनाओं से जिले के सुरक्षा तंत्र ने कोई सबक नहीं लिया है। सार्वजनिक स्थलों पर रविवार दोपहर में सुरक्षा व्यवस्था नदारद दिखी। एक होमगार्ड तक नजर नहीं आया।
थानों को किया अलर्ट, कराई जा रही सघन चेकिंग
पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा का कहना है कि फर्रुखाबाद, लखनऊ और आगरा की घटनाओं को देखते हुए जिले में सभी थानों को अलर्ट किया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों को लगाकर व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। वाहनों की भी चेकिंग करवाई जा रही है।
आज से चलाएंगे अभियान
जीआरपी के थानाध्यक्ष रफी आलम ने कहा कि अलर्ट किया गया है। लेकिन आज मीटिंग में गोरखपुर में हैं। सोमवार को लौटकर चेकिंग अभियान चलाएंगे। फिलहाल स्कॉर्ट को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।