माधवपुरी मोहल्ला निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गोलवाघाट पुल के नीचे नदी में मिला है। पुलिस ने युवक को मानसिक रूप से बीमार बताया है।
कोतवाली देहात अंतर्गत मोहल्ला माधवरेती निवासी रिंकू शुक्ला (30) पुत्र दिनेश चंद्र शुक्ला शनिवार को घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे।
तभी गोलवाघाट के पास सरयू नदी में कुछ लोगों ने उसका शव देखा। देखते ही देखते मौके पर काफी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। शव मिलने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से उसका शव बाहर निकाला गया।
देहात कोतवाल का कहना है कि युवक मानसिक रूप से बीमार था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।