मरम्मत के एक घंटे बाद शुरू हो सका आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी बहराइच। गोंडा बाईपास मार्ग पर बुधवार को दोपहर रेलवे फाटक पर टेंपो ने ठोकर मार दिया। जिससे फाटक टूट गया। सूचना पर तत्काल मौके पर रेलवे पुलिस पहुंच गई और फाटक की मरम्मत कराई। इस दौरान लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
गाड़ी नंबर 05132 बुधवार को अपराह्न 02:30 बजे गोंडा को रवाना होने वाली थी। तभी शहर के गोंडा बाईपास स्थित कोतवाली देहात के पास रेलवे फाटक को बंद कर दिया गया। इसी दौरान एक टेंपो चालक ने बंद गेट पर ठोकर मार दी, जिससे गेट टूट गया। हालांकि ट्रेन अपने निर्धारित समय से निकल गई। थोड़ी ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने बाइक सवारों को दूसरी तरफ से घुमाकर भेजा। जबकि छोटे चौपहिया वाहन गेट का मरम्मत होने के बाद जा सके। दूसरी ओर घटना की सूचना गेटमैन ने रेलवे पुलिस को दी। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक श्यामराज तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इंजीनियर को बुलाकर गेट की मरम्मत कराई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि एक टेंपो चालक की ठोकर से गेट टूट गया था। उसकी मरम्मत करा दी गई है।