बहराइच। आम बजट के साथ ही लोकसभा में शुक्रवार को रेल बजट भी पेश किया जाएगा। रेल बजट में तराई के लोगों को काफी उम्मीदें हैं। बहराइच से गोंडा के बीच ब्राडगेज का काम पूरा होने के बाद भी यहां पर महज छह ट्रेनों का ही संचालन किया जा रहा है। बहराइच से गोंडा के बीच रेलवे की ओर से बजट में ट्रेनों की संख्या बढ़ाए जाने की उम्मीद लोग लगाए हैं।
वहीं नेपाल को जोड़ने वाले सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशन नेपालगंज तक ब्राडगेज का काम शुरू किए जाने के लिए बजट देने की भी आस लगी हुई है। इसी तरह बहराइच से मैलानी के बीच भी ट्रेनों की संख्या कम है। इसमें भी इजाफा होने की उम्मीद रेल बजट से लोग कर रहे हैं।
बहराइच से मैलानी के बीच कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग को रेलवे द्वारा हेरिटेज लाइन घोषित किए जाने के बाद यहां पर ब्राडगेज लाइन की संभावना पूरी तरह से खत्म होती जा रही है। इसको लेकर भी रेल बजट में कुछ बेहतर होने की उम्मीद लोगों को है। रिसिया, मटेरा, नानपारा समेत अन्य स्टेशनों की सुविधाओं को बढ़ाए जाने की भी उम्मीद बजट से लोग लगाए हुए हैं।