रुपईडीहा (बहराइच)। न्यायालय से तीन वर्ष पूर्व फरार हुए आरोपी को गुरुवार भोर में रुपईडीहा पुलिस ने रोडवेज बसअड्डे के निकट से दबोच लिया। वह फरारी के बाद से नेपाल में रह रहा था। चोरी छिपे भारतीय सीमा में आता था। पकड़े गए आरोपी पर 25 हजार का ईनाम घोषित है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि खैरीघाट थाना अंतर्गत गौड़िया सैयद नगर निवासी दिनेश पुत्र मोहन हत्या के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध था। वर्ष 2015-16 में न्यायालय की ओर से दिनेश और उसके सहयोगियों की जमानत हो गई थी लेकिन अंतिम सुनवाई के दिन दिनेश चकमा देकर न्यायालय से फरार हो गया था।
इस पर दिनेश के अन्य साथियों को जेल भेज दिया गया था। उसकी धरपकड़ के लिए काफी कोशिश हुई लेकिन आरोपी के नेपाल भाग जाने का पता चला। कुछ दिनों से उसके चोरी-छिपे भारतीय क्षेत्र में आने की सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक उमाकांत मिश्र आदि को जिम्मेदारी सौंपी गई।
गुरुवार भोर में साढ़े तीन बजे के आसपास आरोपी दिनेश को सीमावर्ती रोडवेज बसअड्डे पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। दिनेश के पास से कट्टा, कारतूस भी बरामद हुआ है। उस पर हत्या, गुंडा एक्ट व अवैध असलहे रखने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हैं।