बहराइच। शहर के नाजिरपुरा मोहल्ले के एक मकान में संचालित अवैध बूचड़खाने पर छापा मारकर पुलिस ने महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मौके पर 150 किलो मांस, छुरी व अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने पकड़े गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के नाजिरपुरा मोहल्ले में अवैध बूचड़खाना एक मकान में संचालित हो रहा था। मुखबिर की सूचना पर नगर कोतवाल अरुण द्विवेदी ने हमराहियों के साथ छापा मारा तो करीब 150 किलो मांस बरामद हुआ। इस दौरान महिला समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों की पहचान किला निवासी मो. अमीन, चांदपुरा निवासी मो. साहब व सादाब, तमाजपुर निवासी आदिल व महिला नाजुक और मो. हफीज के रूप में हुई। पकड़े गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
नगर कोतवाल ने बताया कि अवैध बूचड़खाने के संचालन के पीछे किसका हाथ है और कौन शह दे रहा है। इसकी भी जानकारी एकत्रित की जा रही है। जल्द ही उनके बारे में भी पता करके उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।