बहराइच मेडिकल कॉलेज में परचा काउंटर पर लगी मरीजों की कतार। -संवाद
बहराइच। लगातार बढ़ती सर्दी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई दे रहा है। इसी का नतीजा है कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को चिकित्सकों ने कुल 1610 मरीजों का इलाज किया, जिनमें सर्दी-जुकाम और सांस संबंधी बीमारियों के मरीज सबसे ज्यादा रहे।
सोमवार को सुबह से ही परचा काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही। चार-पांच काउंटरों पर मरीज परचा बनवाने के लिए इंतजार करते दिखे। ओपीडी में भी अधिक भीड़ रही। चिकित्सक के कक्ष में जगह कम पड़ गई और बरामदे में लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
चिकित्सकों ने बताया कि सर्दी-जुकाम, शरीर में जकड़न और सांस के रोगियों की संख्या सबसे ज्यादा रही। हड्डी रोग विभाग में भी भारी भीड़ रही। रिसिया के अंसार अली को मेडिसिन विभाग में चिकित्सक को दिखाने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया। मटेरा से आईं शकुंतला को हड्डी रोग विभाग में बेटे आयुष को दिखाने के लिए बरामदे में दो घंटे इंतजार करना पड़ा।
सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ ही सर्दी जनित बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मरीजों का समय पर इलाज किया गया और आवश्यक जांच व दवा प्रदान की गई, ताकि उन्हें तुरंत राहत मिल सके।