कतर्नियाघाट में आंबाघाट के पास नदी पार करता हाथी। - स्रोत : ग्रामीण
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में हाथियों की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। बृहस्पतिवार दोपहर धूप निकलते ही आंबा घाट के सामने गेरुआ नदी में एक गजराज विचरण करते हुए दिखाई दिए। जंगल से निकलकर नदी तक पहुंचे हाथी ने करीब आधे घंटे तक पानी में खड़े होकर प्यास बुझाई। इसके बाद वापस ट्रांस गेरुआ के जंगल की ओर चला गया।
हाथी को नदी में खड़ा देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में कौतूहल और रोमांच का माहौल बन गया। एक ग्रामीण ने गजराज की प्यास बुझाते हुए तस्वीर अपने कैमरे में कैद कर ली। कतर्नियाघाट वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि रेंज के कई हिस्सों में हाथियों की गतिविधि इन दिनों दिख रही है।
उन्होंने कहा कि संभावित मानव-वन्यजीव संघर्ष को देखते हुए वन विभाग की टीमें गजमित्रों के साथ लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और हाथियों को उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रखा जा सके।