बाबागंज (बहराइच)। बाजार में स्थित एक खाद बीज की दुकान में बुधवार देर शाम को अजगर निकल आया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गयी। ग्रामीणों ने वन विभाग को फोन लगाया, लेकिन कर्मचारियों का फोन बंद मिला। इस पर व्यवसायी ने स्वयं अजगर को पकड़कर चौकी पर पहुंचाया। पुलिसकर्मियों ने उसे वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है।
बहराइच वन प्रभाग के रुपईडीहा थाना अंतर्गत बरगदहा चिलबिला गांव निवासी शिब्बू सिंह की खाद-बीज की दुकान बाबागंज बाजार में है। प्रतिदिन की तरह बुधवार शाम को वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दुकान एक अजगर दिखा। इससे मौजूद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गयी। लोगों ने वनकर्मियों को फोन कर मामले की जानकारी देनी चाही, लेकिन कर्मचारियों का फोन बंद मिला।
इस पर व्यवसायी शिब्बू ने अजगर को पकड़कर बोरे में बंद किया और उसे बाबागंज चौकी पहुंचा दिया। प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय को भी मामले से अवगत कराया गया। पुलिसकर्मियों ने सांप को वन विभाग के कर्मचारियों के सुपुर्द कर दिया है। अजगर का वजन लगभग 15 किलो तथा लंबाई आठ फुट के आसपास है।