रानीपुर (बहराइच)। ताजपुर ग्राम पंचायत में बीते दो माह से सफाईकर्मी की तैनाती नहीं है। जिससे गांव में जगह-जगह गंदगी फैल गई है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दीपावली भी गंदगी के बीच बीती। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा।
हुजूरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ताजपुर में दो माह से सफाईकर्मी की तैनाती नहीं है। जिससे गांव में जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है। नालियां चोक हैं। नालियों का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर रहा है। गंदगी और कूड़े के बीच लोगों की दीपावली व भैया दूज पर्व निपटा।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने डीपीआरओ व बीडीओ से की, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को गांव निवासी चांद अहमद, रवि विश्वकर्मा, अभिषेक गुप्ता, गौतम गुप्ता, अभिषेक जायसवाल, सलमान खान, सुनील, सूरज गुप्ता व शाहबाज खान की अगुवाई में सभी ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि सफाईकर्मी के न होने से स्वच्छ भारत मिशन पूरी तरह से फेल है। चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सफाईकर्मी की तैनाती किए जाने की मांग की है।
इस मामले में ग्राम प्रधान शिवकुमार विश्वकर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी कुसुम देवी की गांव में तैनाती थी। उनका तबादला हो गया है। अब दूसरे सफाईकर्मी की तैनाती जल्द ही होगी।