पयागपुर। जिले में संचारी रोगों के खिलाफ अब तहसील स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अश्वनी पांडेय और संचालन बीपीएम पयागपुर अनुपम शुक्ल ने किया।
इस दौरान क्षयरोग नियंत्रण, फाइलेरिया मुक्ति, कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रम, कुपोषण की रोकथाम, एनीमिया मुक्त भारत, एंटीलार्वा दवा छिड़काव, नियमित टीकाकरण अभियान समेत अनेक विषय पर जानकारी दी गई।
एसडीएम ने अधीनस्थ कर्मियों को निर्देश दिया कि संचारी रोगों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाए। इस कार्य में सामुदायिक भागीदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, कोटेदारों व प्रधानों को अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधीक्षक सीएचसी पयागपुर डॉ. धीरेंद्र तिवारी, विशेश्वरगंज से डॉ प्रवीण पांडेय, अमर सेन गुर्जर, अनुराग पाठक, विमला कुमारी, प्रतिभा सोनकर, इमरान अली और अविनाश अवस्थी व वैभव शुक्ल उपस्थित रहे।