रानीपुर (बहराइच)। सर्रापुरवा गांव के ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत आठ माह पूर्व बिजली का कनेक्शन दिया गया। कनेक्शन के बाद बिजली कर्मचारियों ने मीटर भी लगा दिए, लेकिन मीटर रीडिंग से कई गुना बिजली का बिल उपभोक्ताओं को दिया गया। इसमेें किसानों और मजदूरों को भी नहीं बख्शा गया है। इससे नाराज महिलाओं ने गांव में मंगलवार को पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एक्सईएन को ज्ञापन भेजा।
हुजूरपुर विकास खंड अंतर्गत सर्रापुरवा गांव के लोगों को प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत आठ माह पूर्व बिजली का कनेक्शन दिया गया था। कनेक्शन देने के बाद कर्मचारियों ने मीटर भी लगा दिए, लेकिन सभी ग्रामीणों को जारी किए गए बिजली बिल में अनियमितता की गई है। लोगों का कहना है कि जिस ग्रामीण की यूनिट ज्यादा है, उन्हें कम बिजली बिल भेजा गया है और जिनकी यूनिट कम है, उन्हें ज्यादा बिजली बिल भेजा गया है।
ग्रामीणों को यूनिट खर्च से कई गुना अधिक बिजली का बिल भेज दिया गया है। गांव के 30 लोगों को खर्च से अधिक का विद्युत बिल दे दिया गया है। इससे आक्रोशित महिलाओं ने पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एक्सईएन को ज्ञापन भेजा, जिसमें ग्रामीणों ने बिजली बिल में अनियमितता को सही करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाएगा तो सामूहिक रूप से बिजली कनेक्शन कटवा लिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान रेखा, तारा, जगदीश, मुबारक, चंद्रकला, नीलू, सुभी, गीता, नाजमा, रूपरानी, इब्राहीम, शकुंतला, कुसुम देवी, राधेश्याम, परशुराम, सावित्री, परिमला आदि महिलाएं मौजूद रहीं।
विधवा को दिया 14790 रुपये का बिल
गांव निवासी सुभी ने सौभाग्य योजना के तहत निशुल्क बिजली कनेक्शन कराया था। उनका कहना है कि घर में मात्र दो बिजली के बल्ब जलते है व गर्मियों में पंखे का उपयोग करते थे। पावर कॉर्पोरेशन ने 14790 रुपये का बिल थमा दिया है जो समझ से परे है। सुभी के पति की अर्से पूर्व मौत हो चुकी है। घर की इतनी माली हालत ठीक नहीं है कि बिजली का बिल दे सके।