जरवल (बहराइच)। विकास खंड जरवल के धनसरी मार्ग पर आरसीसी सड़क और पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन मार्ग के निर्माण कार्य के दौरान ही आरसीसी से बनी पुलिया टूट गई, जिससे क्षेत्र के 13 गांवों के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है।
पुलिया क्षतिग्रस्त होने से लोगों को 20 किलोमीटर की अधिक दूरी तय कर आवागमन करना पड़ रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों और भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिया का निर्माण कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भेजा है।
जरवल विकास खंड अंतर्गत धनसरी-परसोहर संपर्क मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है। दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण आरसीसी कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण करते समय गिट्टी की दबाई रोलर से की जा रही थी। इसी दौरान कर्मचारी ने पुलिया को तोड़ दिया।
पुलिस टूटने से जरवल विकास खंड के जोतौरा, धनसरी, हरचंदा, रसूलाबाद, परसोर, धनसरी समेत 13 गांवों के लोगों का आवागमन ठप हो गया है। पुलिया टूटने से अब इन गांवों के लोगों को 20 किलोमीटर की अधिक दूरी तय कर चीनी मिल तक जाना होगा। इसकी शिकायत लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इससे नाराज ग्रामीणों ने भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के जिलाध्यक्ष धर्मचंद महेश की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी शंभु कुमार को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। इस मौके पर तिलकराम गौतम, शफीक अहमद, मोहम्मद हनीफ, राहुल कुमार, ननके प्रसाद वर्मा, त्रिलोकीनाथ गौड़, सर्वेश कुमार शुक्ला, राजेंद्र कुमार मिश्रा, विष्णु प्रसाद गौड़, त्रिभुवनदत्त शुक्ल, रामू जायसवाल आदि मौजूद रहे।