बहराइच में शुक्रवार को एलआईसी कार्यालय पर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। केंद्र सरकार की जनविरोधी योजना के खिलाफ एलआईसी कर्मियों ने कलेक्ट्रेट के धरनास्थल पर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाये।
एलआईसी कर्मी शुक्रवार को कर्मचारी नेता रत्नेश सिंह की अगुवाई में कलेक्ट्रेट के धरना स्थल पर एकत्रित हुए। यहां सभी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी के साथ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिय्रा।
धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता रत्नेश सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन बीमा संस्थान एलआईसी को केंद्र की मोदी सरकार शेयर मार्केट में लिस्टिंग करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि लाभ में चल रही सार्वजनिक संस्थानों में विनिवेशीकरण के माध्यम से संस्थानों का निजीकरण, श्रम कानूनों को कमजोर करने व बीमा के क्षेत्र में एफडीआई बढ़ाने की साजिश चल रही है।
कर्मचारी नेता ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार जनविरोधी कार्ययोजना का सभी एलआईसी कर्मी कड़े शब्दों निंदा करते हुए विरोध करते है। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने चेतावनी देते हुये कहा कि अगर केंद्र सरकार जनविरोधी योजना को वापस नहीं ले लेती है, तो सभी सड़कों पर उतरकर आर-पार की लड़ाई के लिए संघर्ष शुरू कर देंगे। इस मौके पर रमेश तिवारी, सालोमन, राधेश्याम पांडेय, नरेंद्र मौर्या, वाईवी शर्मा आदि मौजूद रहे।