हरदी (बहराइच)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी में बैठक के दौरान आशा संगिनी ने एएनएम के पति की पिटाई कर दी। जिसके बाद आशा बहुएं लामबंद हो गईं। सभी ने प्रदर्शन किया। सीएचसी अधीक्षक को ज्ञापन देकर संगिनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
सीएचसी परिसर में शुक्रवार को सिसैया चूड़ामणि स्वास्थ्य उपकेंद्र पर तैनात एएनएम करुणा सिंह अपने पति उदयप्रताप सिंह के साथ आयी हुई थी। यहां पर वह अपने क्षेत्र के गौढ़ी गांव की आशा बहुओं के साथ बैठक कर रही थी। तभी अचानक यहां पर आशा संगिनी गायत्री देवी ने टीकाकरण बिना पूछे करने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
विरोध करने पर पति व एएनएम करुणा की पिटाई कर दी। इससे सभी क्षुब्ध हो गए। सभी ने अस्पताल में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्रवाई की मांग को लेकर महसी सीएचसी अधीक्षक प्रवीण कुमार पांडेय को ज्ञापन दिया। एएनएम व आशा बहुओं ने कार्रवाई न होने पर सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की बात कही है।