फखरपुर (बहराइच)। अंगनापारा गांव निवासी एक युवक बुधवार की सुबह घर के सामने घासफूस की सफाई कर रहा था। तभी पेड़ से लटकते हुए तार में अचानक करंट आ गया। जिसकी चपेट में आकर युवक तड़पने लगा। उसे तड़पता देख पत्नी, पिता और बेटी भी दौड़ पड़े। युवक को छुड़ाने के चक्कर में वह भी करंट की चपेट में आ गए।
सभी लोगों को करंट का झटका लगता देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बांस-बल्ली से तार को अलग करते हुए सभी को उठाकर जान बचायी। यहां से सभी को सीएचसी लाया गया। जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि तीन झुलसे लोगों का इलाज किया जा रहा है।
फखरपुर थाना अंतर्गत अंगनापारा गांव निवासी सर्वेश (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद सुबह अपने घर के सामने घासफूस की सफाई कर रहा था। इसी दौरान बगल में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से हाईटेंशन तार लटक रहा था। जिसकी चपेट में सर्वेश आ गया। करंट लगने से वह गिरकर तड़पने लगा।
जिस पर उसकी पत्नी सीमा (30), पुत्री अन्नू (15) और पिता राजेंद्र प्रसाद (50) बचाने के लिए दौड़ पड़े। वह भी सर्वेश के साथ करंट की चपेट में आकर गिर गए। सभी को जमीन पर तड़पता हुआ देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। सभी ने बांस-बल्ली से तार को अलग किया। इसके बाद चारों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में भर्ती कराया गया।
यहां चिकित्सकों ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि पिता, पुत्री और पत्नी का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे की सूचना के तीन घंटे भी कोई बिजली कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ बृजेश पांडेय ने बताया कि मौके पर उपनिरीक्षक अरुण त्रिगुणायक को भेजकर जांच करायी जा रही है।
जेई बोले, जांच के बाद दी जाएगी सहायता
अंगनापारा गांव में करंट लगने की सूचना उनको सुबह 9.05 बजे मिली थी। जिसके बाद कर्मचारी रईस अहमद व विशाल शर्मा को मौके पर भेजा गया। पूरी घटना की रिपोर्ट बना ली गई है। एसडीएम के हस्ताक्षर के बाद रिपोर्ट एक्सईएन के पास भेजी जाएगी।
पीड़ित परिवार को मदद दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव में खंभे लगने के लिए भेजे गए हैं। लेकिन पानी भरा होनेे के कारण अभी तक खंभे नहीं लग पाए हैं। जल्द ही उनको लगवा दिए जाएगा।
ग्रामीण बोले, कई माह से लटक रहा तार
ग्रामीणों का आरोप है कि अंगनापारा गांव में बिजली की आपूर्ति लकड़ी के खंभों पर की जा रही है। पावर कॉर्पोरेशन द्वारा कई माह पूर्व खंभे भेजे गए हैं। लेकिन उनको लगाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। तार लटक रहे हैं। जिसके चलते यह घटना हुई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।