नानपारा (बहराइच)। अग्रवाल सेवा समिति नानपारा की ओर से महाराजा अग्रसेन की जयंती के अवसर पर नगर में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बनारस व कोलकाता के कलाकारों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया।
अग्रवाल सेवा समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर रविवार को अग्रवाल सेवा समिति अध्यक्ष राजेश भीमराजका की अगुवाई में सुबह 10 बजे से अग्रवाल समाज के लोगों ने नगर के श्री श्याम प्रभु एवं दादी राणी सती मंदिर से स्टेशन रोड होते हुए विश्वनाथ मंदिर तक शोभायात्रा निकाली।
शोभायात्रा में रथ पर श्री महाराजा अग्रसेन की झांकी सजाई गई। अग्रवाल समाज के लोगों ने जगह-जगह फूल मालाओं से स्वागत कर आरती उतारी तथा महिलाओं ने महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर पुष्प वर्षा की। शोभायात्रा में बनारस व कोलकाता के कलाकारों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया जो आकर्षण का केंद्र रहा।
अग्रवाल समाज के लोगों ने अपने महाराजा की जयंती पर मदन भीमराजका के आवास पर महाराजा अग्रसेन का जन्मदिवस केक काट कर मनाया। केक काटने के समय अग्रवाल समाज अमर रहे तथा महाराज अग्रसेन के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। लोगों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर महाराजा अग्रसेन के जन्मदिवस की बधाई दी।
शोभायात्रा के बाद नील कोठी पर स्थित श्री श्याम बगीची में हवन-पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर में अग्रवाल सेवा समिति की ओर से डालमिया धर्मशाला में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कपल म्यूजिकल चेयर, इंडियन आइडियल डांस जूनियर, डांस सीनियर एस्क्रिप्ट आदि प्रोग्राम आयोजित किए गये।
इस मौके पर मुरारीलाल भीमराजका, मदन लाल भीमराजका, नरेश चंद्र अग्रवाल, अजीत भीमराजका, रामकिशोर अग्रवाल, आदेश हमीरवासिया, आनंद छापड़िया, प्रतीक टेकड़ीवाल, पुलकित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।