रुपईडीहा। काठमांडू जेल से फरार एक कैदी को भारतीय सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने शुक्रवार को रुपईडीहा बॉर्डर पर पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि जेन जी आंदोलन के दौरान नेपाल की काठमांडू जेल से फरार यह कैदी सीमावर्ती क्षेत्र में छिपा हुआ था।
एसएसबी की रूटीन गश्त के दौरान जवानों ने एक नेपाली नागरिक को सीमा पार करने की कोशिश करते हुए शुक्रवार दोपहर में पकड़ा। तलाशी और पूछताछ के दौरान पता चला कि पकड़ा गया दिलीप खनाल, नेपाल के सैनिक गांव, पालिका वार्ड नंबर-1, जिला बांके का निवासी है।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार ने बताया कि पकड़ा गया दिलीप काठमांडू जेल से फरार कैदी है। इस मामले में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारियों से संपर्क साध कर पुष्टि की गई। इसके बाद पकड़े गए कैदी को नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।