नानपारा (बहराइच)। पंचायत चुनाव में प्रचार सामग्रियों में हेराफेरी की जा रही है। बुधवार को नानपारा के तीन प्रिटिंग प्रेसों पर छापेमारी की गई।
दो प्रिंटिग प्रेस पर मिली प्रचार सामग्रियों पर संख्या का अंकन नहीं है। सामग्रियों के नमूने लेकर रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी गई, जिस पर देर शाम मनोज प्रिंटिंग प्रेस को िजलाधिकारी के आदेश पर सील कर दिया गया।
उपजिलाधिकारी घनश्याम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी ने प्रिटिंग प्रेसों पर छापेमारी के निर्देश दिए थे। उसी के तहत तहसीलदार जमाल अहमद सिद्दीकी की अगुवाई में टीम ने दोपहर बाद स्टेशन रोड स्थित मनोज प्रिंटिग प्रेस पर छापेमारी की।
इसके बाद बाजार में स्थित जनता इंटर कॉलेज के पास याजदा प्रिंटिस प्रेस और चौक बाजार के स्टूडेंट प्रिंटिग प्रेस पर छापा मारा गया।
याजदा प्रिंटिग प्रेस पर प्रचार सामग्री नहीं मिली, जबकि मनोज प्रिंटिग प्रेस और स्टूडेंट प्रिंटिग प्रेस पर प्रचार सामग्री मिली है। इसमें कई प्रत्याशियों के पंपलेट, बैनर ऐसे मिले, जिन पर संख्या का अंकन नहीं है।
प्रिंटिंग प्रेस का नाम भी नहीं है। इसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन आयोग को भेजी गई। देर शाम डीएम अभय कुमार के आदेश पर मनोज प्रिंटिंग प्रेस को सीज कर दिया गया। स्टूडेंट प्रिंटिंग प्रेस की जांच चल रही है।