विद्युत उपकेंद्र भिनगा में आई खराबी के चलते भंगहा व मछिरिहिवा फीडर रविवार भोर में बंद हो गया था। उसे रविवार देर रात दुरुस्त किया लेकिन जैसे आपूर्ति शुरू की गई फीडर दोबारा बंद गया। इसके चलते करीब 40 घंटे से इलाके के 85 गांवों की आपूर्ति ठप है।
सोमवार देर शाम तक आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी। इससे इलाके के 15 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछिरिहिवा फीडर का केबल कुछ दिन पूर्व जल गया था। नया केबल उपलब्ध न होने के कारण पावर कार्पोरेशन द्वारा भंगहा फीडर के सहारे दोनों ही फीडरों की आपूर्ति दी जा रही थी।
अधिभार के कारण रविवार सुबह अचानक भंगहा फीडर भी जल गया। इससे दोनों फीडरों से होने वाली करीब 85 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। रविवार रात करीब 11:30 बजे बहाल हुई भंगहा व मछिरिहिवा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति फीडर में दोबारा तकनीकी खराबी आ जाने के कारण बाधित हो गई।
उसे सोमवार दूसरे दिन भी बहाल नहीं कराया जा सका। इसके चलते करीब पंद्रह हजार उपभोक्ता 40 घंटे से परेशान हैं। उधर अधिशासी अभियंता विद्युत नंद लाल के मुताबिक फीडर की मरम्मत का कार्य जारी है। जल्द ही आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।