जरवल (बहराइच)। रनी जतौरा गांव निवासी एक ग्रामीण के घर से चोरों ने पांच हजार की नकदी समेत एक लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने तहरीर लेकर चोरी की जांच शुरू कर दी है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत ग्राम रनी जतौरा निवासी शिव नारायण वर्मा का परिवार शनिवार की रात गर्मी अधिक होने के कारण छत के ऊपर सोने चला गया। रात में ही चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे।
चोरों ने घर के कमरे में रखी अलमारी और बक्से को खंगाल कर पांच हजार की नकदी, सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, पायल, कपड़ा और बर्तन समेत एक लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। उन्होंने चोरी की सूचना थाने में दी है। प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र पटेल का कहना है कि तहरीर लेकर चोरी की जांच शुरू कर दी गई है।