बहराइच। पयागपुर के परसिया आलम व फखपुर के मोहम्मदपुर कला के साथ ही जौली के बड़खड़िया गांव में पोस्टमैन व दो युवकों ने शुक्रवार को फांसी लगा ली। एक का शव घर के बाहर बाग में तो दूसरे का हाईटेंशन लाइन के खंभे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पयागपुर क्षेत्र के परसिया आलम निवासी सोनू ने बताया कि उनके छोटे भाई अरुण कुमार ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था, वह अपने हिस्से की संपत्ति लगभग दो वर्ष पहले बेचकर पत्नी के साथ देवरिया में रहते थे। कभी-कभी वह गांव आते थे और एक-दो दिन इधर-उधर रहकर चले जाते थे।
वह शुक्रवार को गांव आए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई थी। शनिवार सुबह सूचना मिली कि अरुण का शव घर से कुछ दूरी पर बाग में आम के पेड़ पर फंदे से लटक रहा है। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव फंदे से उतारा। पुलिस जांच कर रही है।
उधर, फखरपुर के मोहम्मदपुर कला मौजा शिवपुरा निवासी रमेश ने बताया कि उनका छोटा भाई विक्रम दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इसके साथ ही वह शराब पीने का भी आदी हो गया था। वह हर दिन की तरह शुक्रवार शाम काम से लौटकर आया और घर में पत्नी व बच्चों के साथ खाना खाकर लेट गया।
शनिवार सुबह जब घर के लोग सोकर उठे तो विक्रम बिस्तर पर नहीं था। परिवार के लोगों ने सोचा कि वह कहीं गया होगा। तभी शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए घर आकर सूचना दी कि विक्रम का शव घर से लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर लगे बिजली के खंभे पर लटक रहा है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच कर रही है। थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि आगे की कार्रवाई तहरीर मिलने पर की जाएगी। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ कर गया है।
उधर, बिछिया क्षेत्र के बड़खडिया गांव स्थित पोस्ट ऑफिस में तैनात पोस्टमैन जितेंद्र कुमार गौतम (26) ने शुक्रवार रात अपने कमरे में फांसी लगा ली। उनकी तैनाती तीन वर्ष पूर्व इस पोस्टआफिस में हुई थी। वह बलिया जिले के रहने वाले थे।
लोगों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह 10 बजे हुई जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। आसपास के लोगों ने जब रोशनदान से उनके कमरे में झांक कर देखा तो उनका शव फंदे से लटक रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।