बहराइच। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार व मोतीपुर पुलिस की टीम ने मौजीपुरवा गांव में घाट पर छापा मारा। यहां पर बालू खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने लाया गया। बालू खनन करने वाले आरोपी मौके से भाग गए।
मोतीपुर तहसील क्षेत्र के गांवों में अवैध बालू खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। तहसील क्षेत्र के सेमरहना, झाला, मधवापुर, अमृतपुर, गायघाट, मौजीपुरवा, करमोहना, चहलवा, आंबा घाट में जमकर बालू खनन की जा रही है। इसकी सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने नायब तहसीलदार शशांक उपाध्याय व मोतीपुर पुलिस की टीम गठित कर छापा मारने के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार ने जोगनिया के मजरा मौजीपुरवा में सरयू नदी के घाट पर छापा मारा। यहां पर बालू खनन में लिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को टीम ने कब्जे में ले लिया। नायब तहसीलदार ने बताया कि बालू खनन में लिप्त ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी फरार हो गए हैं।
उनकी तलाश पुलिस द्वारा की जाएगी। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्द्धन सिंह ने बताया कि अवैध खनन में केस दर्ज करना पुलिस की कार्रवाई में नहीं आता है। जब राजस्व विभाग या खनन विभाग द्वारा तहरीर दी जाएगी। तब केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।