फखरपुर में पुलिस द्वारा कागजात फाड़ने व बाइक पंचर किए जाने के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : BAHRAICH
फखरपुर (बहराइच)। कस्बे में स्थित इलाहाबाद बैंक पर सोमवार को ड्यूटी करने गए दरोगा और सिपाहियों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने बैंक के सामने खड़ी बाइकों को पंचर कर दिया। डिक्की तोड़ते हुए कई ग्रामीणों के अभिलेख फाड़कर फेंक दिए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर फखरपुर पुलिस मौके पर पहुंचे। एसओ ने सिपाही व दरोगा के खिलाफ जांच करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
फखरपुर थाना अंतर्गत कस्बा क्षेत्र में इलाहाबाद बैंक स्थित है। इलाहाबाद बैंक में सोमवार को थाने के दरोगा रमेश चंद्र और सिपाही अनूप व अजय यादव सुरक्षा ड्यूटी में गए थे। बैंक के बाहर कई बाइकें खड़ी हुई थीं। जिसे देखकर दरोगा और सिपाही आग बबूला हो गए। उन्होंने बाहर खड़ी बाइकों को पंचर कर दिया। कुछ बाइकों की डिक्की तोड़ दी और उनमें रखे हुए अभिलेख फाड़कर फेंक दिए।
बैंक के अंदर काम निपटा रहे उपभोक्ताओं ने जब पुलिसकर्मियों का कारनामा देखा तो वह आक्रोशित हो उठे। पुलिसकर्मियों ने रामापुर किंधौली के पूर्व प्रधान ननके मिश्रा की बुलेट को पंचर किया। वहीं रौंदोपुर निवासी ननकू वर्मा, केशवराम, महेंद्र, अजमत, राहुल, बासुदेव आदि की गाड़ी भी पंचर कर दी।
होलपारा निवासी सरजू सिंह के कोर्ट संबंधी अभिलेख भी फाड़ दिए। इससे आक्रोशित लोगों ने बैंक के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाने के अपराध निरीक्षक निखिल श्रीवास्तव व उपनिरीक्षक राणाप्रताप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश पांडेय ने बताया कि सिपाहियों की ओर से किया गया कार्य गलत है। पूरे मामले की जांच कराते हुए उच्चाधिकारियों को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।