05 बीएचआर 35 - बहराइच के पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित दीक्षांत परेड समारोह में परेड का निरीक्षण
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। पुलिस लाइन मैदान में शुक्रवार को रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि देवी पाटन मंडल के डीआईजी डॉ. राकेश सिंह रहे। सफलता की सीढ़ी चढ़ते ही सभी रिक्रूटस खुशी से झूम उठे। 138 रिक्रूट आरक्षियों ने उच्चाधिकारियों को सलामी दी तो वहीं अधिकारियों द्वारा देश की सेवा के लिए शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के लिए शुक्रवार को खुशियों भरा रहा। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित दीक्षांत परेड समारोह कार्यक्रम में डीआईजी डॉ. राकेश सिंह व एसपी डॉ. विपिन मिश्रा ने पॉसिंग आउट परेड की सलामी ली। पुलिस लाइन में 138 रिक्रूट आरक्षियों ने पासिंग आउट परेड को सफलता पूर्वक पास किया। डीआईजी ने रिक्रूट आरक्षियों की परेड समारोह में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर हौसला आफजाई किया।
डीआईजी से सभी आरक्षियों को कर्तव्य पालन के साथ-साथ देश सेवा के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी आरक्षी खुशी से झूम उठे और एक दूसरे को बधाई देकर खुशियां मनाई। डीआईजी ने कहा कि पुलिस सेवा में जाने वाले आप सभी नौजवानों को अब वर्दी की शान बनाए रखने के साथ जनता की सेवा का मौका मिल रहा है। इसे अपने बेहतर प्रदर्शन से जनता के बीच विश्वास पैदा कर मजबूत बनाएं। जिससे पुलिस पर उनका भरोसा बढ़ सके।