बहराइच। रामगांव व हरदी थाने की सीमा पर पुलिस व तस्कर के बीच सोमवार रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम व बदमाशं के बीच में लगभग आधे घंटे तक मुठभेड़ चली। इस दौरान तस्कर ने पुलिस पर तीन बार फायर किया। बचाव करते हुए पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की।
हिस्ट्रीशीटर तस्कर के पैर में गोली लगने से वह गिर गया और पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। घटना की सूचना पर एसपी ने घटना स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया और घायल अपराधी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ जिले के कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी विपिन मिश्रा के निर्देश पर पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। एसपी को मुखबिर से सूचना मिली कि कई थानों का वांछित व हिस्ट्रीशीटर तस्कर नेपाल भागने की फिराक में है। वह रामगांव व हरदी थाना क्षेत्र के बॉर्डर से गुजरने वाला है। एसपी ने रामगांव थानाध्यक्ष अभय सिंह व हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव को तस्कर की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। उमरपुरघाट पुल के पास गांव बालासराय के पास आ रहे संदिग्ध व्यक्ति को दोनों थानों की संयुक्त पुलिस ने रोका तो वह पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगा।
पुलिस और तस्कर के बीच लगभग आधे घंटे तक मुठभेड़ चली। भाग रहे तस्कर के पैर में गोली लगने से वह गिर गया और पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर की पहचान नसीम पुत्र सलारा निवासी बंजारन टोला कोतवाली नानपारा के रूप में हुई। एसपी विपिन मिश्रा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर तस्कर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। एसपी ने बताया कि पकड़े गये तस्कर के खिलाफ नानपारा व रूपईडीहा में मादक पदार्थ की तस्करी, गौ तस्करी समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज था।