बहराइच-लखनऊ हाईवे पर दरगाहीपुरवा गांव के निकट दुघर्टना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को हटाता हैड्रा।
तेजवापुर/फखरपुर (बहराइच)। बाराबंकी जिले के सुंडियामऊ निवासी मोहम्मद फैज (26) व इस्लामुद्दीन (25) बृहस्पतिवार को पिकअप से अगरबत्ती लेकर नवाबगंज विकासखंड के शंकरपुर जा रहे थे। इस दौरान बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर मरौचा के पास उनकी पिकअप की सामने से आ रही तेज रफ्तार निजी बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों घायल हो गए।
राहगीरों ने सड़क हादसे की सूचना फखरपुर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को सड़क किनारे करवाकर आवागमन शुरू करवाया। वहीं दोनों को घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजवाया। मेडिकल कॉलेज मेंं दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकोंं ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग गया। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि बस पर राजस्थान का नंबर लिखा है। दोनों वाहनों को कब्जे मेंं लेकर जांच की जा रही है।