मटेरा/बहराइच। नानपारा-बहराइच मार्ग पर बुधवार देर शाम एक बाइक सवार को पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वह सब्जी लेने घर से निकले थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हीरा सिंह पुरवा निवासी विनोद कुमार (50) बुधवार देर शाम बाइक से भवनियापुर सब्जी लेने जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आई एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विनोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय विनोद कुमार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसकी वजह से सिर में गंभीर चोट आई और उनकी जान नहीं बच सकी। मटेरा थाना प्रभारी अभिनव कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया।