बहराइच। केंद्र सरकार की ओर से पास किए गए नागरिकता संशोधन कानून के विरोध की आग बहराइच में भी फैल गई है। इस कानून के विरोध में गुरुवार को लोगों ने जगह-जगह प्रदर्शन किया। इसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालने का प्रयास किया, मगर प्रशासन ने बैरीकेडिंग लगाकर जुलूस को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस व प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
उधर, जमीयत उलमा ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। साथ ही काला कानून वापस लेने की मांग की गई। भाकपा और स्टूडेंट फेडरेशन ने भी विरोध प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन को देखते हुए पूरा नगर क्षेत्र छावनी में तब्दील रहा। प्रदर्शन के बाद सभी संगठनों की ओर से कानून को वापस लिए जाने की मांग करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
नागरिकता संशोधन कानून बनाए जाने के विरोध में पूरे देश में आंदोलन चल रहा है। इस कानून का विरोध जिले में भी शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गुरुवार को झिंगहाघाट बाईपास स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनरायन यादव की अगुवाई में लगभग 200 कार्यकर्ता जुलूस निकालने का प्रयास करने लगे।
सपा कार्यकर्ताओं के जुलूस को रोकने के लिए नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश और मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप यादव की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने बैरीकेडिंग लगा दी। इस पर सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर ही प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व विधायक रामतेज यादव, मुकेश श्रीवास्तव, शब्बीर वाल्मीकि ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून समाज को बांटने वाला कानून है। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
इस मौके पर जफर उल्ला खां बंटी, देवेश मिश्र, पूर्व विधायक केके ओझा, नंदेश्वर यादव, अजीत सिंह, प्रदीप वर्मा, निशा शर्मा, डॉ. राजेश तिवारी, जयंकर सिंह, नसीबुनिशा, नदीमुलहक तन्नू, आनंद यादव, सुनील निषाद, आनंद सिंह सेंगर, अशोक लोधी, जुग्गीलाल यादव आदि मौजूद रहे।
उधर, जमीयत उलमा के अध्यक्ष मौलाना कारी जुबेर अहमद की अगुवाई में मोहल्ला काजीपुरा स्थित मदरसे से जुलूस निकाला गया। जुलूस में पूर्व चेयरमैन हाजी रेहान आढ़ती के साथ ही मदरसों के छात्र मौजूद थे। जमीयत उलमा के अध्यक्ष कारी जुबेर ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून लागू होने से देश में विखंडन की स्थिति पैदा होगी।
यह कानून संविधान के बुनियादी ढांचेे के खिलाफ है। इसको तत्काल वापस लिया जाए। जुलूस के बाद नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर मौलाना अमीर अहमद, मौलाना इनायतउल्ला, मुफ्ती इश्तियाक अहमद, हाफिज सईद अहमद, कलीम, अब्दुल कलाम, इकबाल खां, मिज्जन खां आदि मौजूद रहे।
वहीं, कानून के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री सिद्धनाथ श्रीवास्तव, मार्क्सवादी के जिला मंत्री एसएमए कादरी और आल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद सुफियान खान व नौजवान सभा के प्रमोद गौतम की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। कार्यकर्ता जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने संविधान के स्वरूप को बदलने वाले कानून को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। इस मौके पर राकेश पटेल, सहजाद अहमद, भुवन दीक्षित, कोयली प्रसाद, अतुल चौधरी, सत्यपाल सिंह, विनय वर्मा, आकाश श्रीवास्तव, प्रणव श्रीवास्तव, अनुराग जायसवाल आदि मौजूद रहे।
बहराइच में गुरुवार को सपा कार्यालय के बाहर एनआरसी के विरोध में निकाले गए जुलूस के दौरान अधिकारी क- फोटो : BAHRAICH