बहराइच। जिले में शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुई हल्की बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश रुकते ही उमस कई गुना बढ़ गई। शनिवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। दिनभर लोग आसमान की ओर बारिश की उम्मीद लगाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। दूसरी ओर बिजली की आवाजाही ने परेशानी और बढ़ा दी। शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा स्थित छप्पन चौराहे के पास ट्रांसफार्मर में एक फेस बार-बार बंद होने से लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। घरों में कूलर और पंखे ठीक से नहीं चल सके। मोहल्ले के मेराज, शबाना, नसीम और राजू ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से बिजली व्यवस्था खराब है और रात में पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। काजीपुरा, गुदड़ी, बड़ीहाट और कचहरी रोड पर स्टीलगंज तालाब क्षेत्रों में भी रातभर बिजली आती-जाती रही, जिससे लोगों की नींद प्रभावित हुई।
रिसिया में शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद शनिवार को निकली तेज धूप से उमस और बढ़ गई। बारिश का पानी अभी भी कई स्थानों पर जमा है। रविदास नगर, शास्त्री नगर, बुधनी देवी महाविद्यालय और रिसॉर्ट मार्ग पर जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने जल निकासी और बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार की मांग की है।
तीन-चार दिनों में हो सक्ती है बारिश
मौसम विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के प्रभाव और वातावरण में नमी अधिक होने से उमस बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अगले तीन-चार दिनों में बारिश की संभावना बन रही है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।