बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में हॉकी का अभ्यास मैख खेतले खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को स्टेडियम टीम और जिला हॉकी एसोसिएशन की टीम के बीच हॉकी का अभ्यास मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जिला हॉकी एसोसिएशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेडियम टीम को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए कई बेहतरीन प्रयास किए। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आखिर में जिला हॉकी एसोसिएशन की टीम ने बढ़त बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस अभ्यास मैच का उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें तैयार करना था। मैच में रेफरी की जिम्मेदारी कोच मोहम्मद आरिफ और राकेश ने निभाई। दोनों ने पूरे मुकाबले को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया।
इस अवसर पर समर कैंप में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी आदित्य सैनी, मोहम्मद तौसीफ, प्रखर, प्रत्यूश, अंशुमान, आयुष सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।