बहराइच। नगर पंचायत पयागपुर की व्यवस्था में सुधार के लिए शासन से 1 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। समूचे नगर पंचायत में 242 नए पोल और 6 नए ट्रांसफार्मर लगेंगे। इस बात की जानकारी विधायक सुभाष त्रिपाठी ने दी है।
आदर्श नगर पंचायत पयागपुर में ज्यादातर जर्जर और पुराने तारों के माध्यम से आपूर्ति हो रही है। भार की तुलना में ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं है। इन सब कारणों से शासन के दावों के अनुरूप नगर वासियों को बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। विधायक ने बताया कि सांसद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह और उन्होंने नगर क्षेत्र के पंद्रह वार्डो की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने किए पिछले दिनों अधिकारियों संग बैठक भी की थी। सांसद और उनके द्वारा समस्या को शासन स्तर से मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर लिखित पत्र भी दिया गया था।
विधायक के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी ने बताया कि नगर क्षेत्र की व्यवस्था को दुरुस्त कर रोस्टर के अनुसार आपूर्ति के लिखित प्रस्ताव पर विचार करते हुए पूरे क्षेत्र में एक करोड़ दस लाख की कार्ययोजना स्वीकृत हुई है। इसके तहत भूपगंज बाजार, कोट बाजार, सचौली कांधीकुइया और बस स्टैंड सहित सभी क्षेत्रों में 242 नए पोल और 6 ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अंतर्गत जर्जर तारों को भी बदला जाएगा और आवश्यकता हुई तो लगे हुए ट्रांसफार्मर की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।