बहराइच। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्निर्धारण के प्रस्ताव पर राजनीतिक दलों ने सहमति जताई है। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में किसी भी दल ने प्रस्तावित सूची पर आपत्ति नहीं जताई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल बनाने के संबंध में तैयार सूची की जानकारी दी। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 27 अक्तूबर को प्रस्ताव अनुमोदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्य समय से पूरा करने और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और उप जिलाधिकारी मौजूद रहे।