भवानीपुर में हाथियों के उत्पात में बर्बाद हुई फसल को दिखाता किसान। -स्रोत : किसान
बिछिया। कतर्नियाघाट रेंज के भवानीपुर गांव में रविवार रात करीब 10 बजे छह हाथियों के झुंड ने खेतों में धावा बोल दिया। हाथियों ने किसान कादिर अली के खेत की करीब 50 मीटर चेनलिंक फेंसिंग तोड़ दी और एक बीघा धान की खड़ी फसल रौंद डाली। अजय समेत कई अन्य किसानों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है।
हाथियों के गांव की ओर आने की सूचना पर गजमित्र मौके पर पहुंचे और मेगाफोन से ग्रामीणों को सतर्क किया। नेटवर्क की समस्या के कारण वन विभाग से तत्काल संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद गजमित्रों ने ग्रामीणों के साथ मशाल जलाकर हांका लगाया। काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ा गया।
कतर्नियाघाट रेंज के रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि भवानीपुर गांव के आसपास हाथियों की आवाजाही बढ़ी है। वन विभाग की टीम को गश्त पर लगाया गया है। गजमित्रों की टीम को भी अलर्ट रखा गया है।