चकिया रेंज में बाघ की आमद के बाद कॉम्बिंग के दौरान मिले पगचिह्न। -संवाद
रुपईडीहा। बाघ की चहल-कदमी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। नगर पंचायत की ओर से भी प्रभावित वार्ड पचपकरी में सुरक्षा के दृष्टिकोण से सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
वन क्षेत्राधिकारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि बाघ के पगचिह्न रुपईडीहा रेंज के जंगल की ओर से जाते हुए फिर वापस आते हुए दिखाई दिए हैं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि बाघ अब जंगल की ओर लौट गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
शनिवार को भी जंगल की दिशा में वन विभाग की टीम की ओर से विशेष गश्ती अभियान चलाया गया। शुक्रवार देर रात को भी जंगल के निकट शिवपुर, मोहरनिया सहित आसपास के गांवों में कॉम्बिंग हुई। ग्रामीणों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
नगर पंचायत की ओर से किए गए ये इंतजाम
नगर पंचायत के पचपकरी वार्ड में बाघ की मौजूदगी की आशंका के कारण नागरिकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालात को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य के निर्देश पर वार्डवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी का टैंकर भी लगाया गया है, ताकि लोगों को खुले में शौच के लिए बाहर न जाना पड़े और किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।