बहराइच। पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी की जा रही नकली शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नकली शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े गए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
जरवलरोड थानाध्यक्ष अरुण द्विवेदी को मुखबिर से सूचना मिली कि गौढ़ी अहाता गांव में नकली शराब तैयार की जा रही है। सूचना पर थानाध्यक्ष ने एसआई दुर्गविजय सिंह को दलबल के साथ मौके पर भेजा। टीम गौढ़ी अहाता गांव में पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर दो लोग पकड़े गए। मौके से 30 लीटर नकली शराब के साथ पतेली, नलकी, कनस्तर, प्लास्टिक के डिब्बे व भारी मात्रा में लहन बरामद हुई। पुलिस ने बरामद लहन को नष्ट कराकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौढ़ी अहाता गांव निवासी रामकुमार यादव व सुदर्शन यादव के रूप में हुई।
दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, खैरीघाट थानाध्यक्ष विमलेश सिंह को मुखबिर से मिली सूचना पर वैवाही चौकी इंचार्ज अमित प्रकाश ने टीम के साथ डल्लापुरवा गांव में स्थित पुलिया के नीचे बन रही कच्ची शराब पकड़ी। मौके से नकली शराब बनाने के उपकरण के साथ प्रधानपुरवा गांव निवासी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। 40 लीटर नकली शराब भी बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।