फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: 164 केंद्रों पर धान खरीद शुरू, 82 पर पहुंचे किसान

Mon, 02 Nov 2026 11:57 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। सरकारी क्रय केंद्रों पर सोमवार से धान खरीद शुरू हो गई। पहले दिन 164 केंद्रों में से 82 पर करीब 150 किसान पहुंचे। इन केंद्रों पर कुल 450 क्विंटल खरीद हुई। जिला मुख्यालय की गल्ला मंडी में पांच किसानों से 250 क्विंटल धान खरीदा गया। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने किसानों को माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद पूजा-अर्चना कर खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ किया।
विज्ञापन



डीएम ने गल्ला मंडी में संचालित क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच कराई, जो सही मिले। नमी निर्धारित मानक के अनुरूप पाई गई। उन्होंने किसानों से अपील की कि धान अच्छी तरह सुखाकर ही केंद्रों पर लाएं, ताकि तौल में परेशानी न हो।


गल्ला मंडी में खाद्य विभाग के आठ, पीसीएफ, मंडी समिति और एफसीआई का एक-एक केंद्र संचालित है। इस दौरान जिला खरीद अधिकारी सौरभ दुबे, जिला खाद्य विपणन अधिकारी रूपेश सिंह, एआर कोऑपरेटिव, जिला प्रबंधक पीसीएफ और क्षेत्रीय विपणन अधिकारी प्रदीप तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन




किसानों ने बताया, धान सुखाकर लाने से हुई आसानी

गल्ला मंडी में धान बेचने पहुंचे कमोलिया निवासी हृदय राम तिवारी ने बताया कि धान में नमी होने के कारण उन्होंने उसे एक दिन पहले धूप में सुखाया था। धरसवां निवासी सुशील द्विवेदी ने बताया कि बारिश से धान में थोड़ी नमी आ गई थी, लेकिन 17 प्रतिशत नमी होने के कारण तौल हो गई। कटघरी निवासी अशोक मिश्रा ने बताया कि खरीद के मानक पूरे होने पर उनके धान की तौल की गई। किसानों का कहना रहा कि धान सुखाकर लाने से तौल कराने में आसानी होती है।



2.10 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले को 2.10 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है। कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये और ग्रेड-ए का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। खरीद के लिए खाद्य विभाग के 38, पीसीएफ के 67, पीसीयू के 47, मंडी समिति के चार, नेफेड के छह व भारतीय खाद्य निगम के दो केंद्र बनाए गए हैं। जिले में 32 राइस मिलें भी पंजीकृत हैं। खरीद 28 फरवरी 2027 तक चलेगी।



रविवार के कारण पहले दिन नहीं शुरू हुई थी खरीद

जिला खाद्य विपणन अधिकारी रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि एक नवंबर को रविवार होने के कारण खरीद शुरू नहीं हो सकी थी। सोमवार से केंद्रों पर प्रक्रिया शुरू कराई गई। पहले दिन गल्ला मंडी में पांच किसान धान लेकर पहुंचे। केंद्र प्रभारी पवन पाल ने बताया कि किसानों को सम्मानित भी किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें