सड़क हादसे में बालक की मौत के बाद बिलखते परिजन व जमा लोग।
बौंडी। बेटी की विदाई कराने निकले परिवार की कार भदवानी गांव के पास सोमवार को अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं व बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया।
ग्राम पंचायत मंझारा तौंकली के बबुरी गांव निवासी देशराज की पुत्री माला देवी का विवाह बीते शनिवार को बौंडी के उड़रापुर गांव में हुआ था। सोमवार को मायके पक्ष के लोग कार बुक कर चौथी की रस्म पर बेटी को विदा कराने जा रहे थे। रास्ते में भदवानी गांव के पास तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह कई पलटी खाते हुए खेत में जा गिरी। हादसे में कार में सवार सिपहिया हुलास निवासी धर्मू के 10 वर्षीय बेटे अमित की मौत हो गई, जबकि कलावती (50), अनीता (16), राजकुमारी (15), रामसरन (40), सुरेंद्र (24), छोटू (10), अनोखा (17), अनीता (15) और रूपा (45) घायल हो गए।
सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। थानाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ मौर्य ने बताया कि मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। अमित माला की बड़ी बहन का बेटा था। उसकी मौत से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।