बहराइच। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने एमए की मौखिक व एमएससी की प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है। परीक्षाएं 19 सितंबर से प्रारंभ होंगी।
किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनय सक्सेना ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एमए की मौखिक व एमएससी की प्रायोगिक परीक्षाओं के तिथियों की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एमए उत्तरार्द्ध अंग्रेजी की मौखिक परीक्षा 19 सितंबर को होगी।
एमएससी वनस्पति विज्ञान उत्तरार्द्ध की प्रायोगिक परीक्षा 20 सितंबर, एमए उत्तरार्द्ध शिक्षा शास्त्र की मौखिक परीक्षा 23 सितंबर, जबकि एमए पूर्वार्द्ध शिक्षा शास्त्र संस्थागत छात्रों की भी मौखिक परीक्षा 20 सितंबर को होगी। इसके अलावा एमए व एमएससी गणित की मौखिक परीक्षा 25 सितंबर को होगी। प्राचार्य ने बताया कि सभी छात्र अपने-अपने विभागों से परीक्षा के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।